186 रनों के लक्ष्य को हासिल करने उतरी इंग्लैंड की टीम पूरे 20 ओवर बल्लेबाजी करने के बाद 8 विकेट 177 रन ही बना सकी। इस प्रकार वे लक्ष्य से 8 रन दूर रह गए। इंग्लैंड के लिए ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 46 रन बनाए। उनकी इस पारी में 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। स्टोक्स के अलावा सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय 40 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार हुए।
वे तीसरी बार सीरीज में 40 के फेर में फंसे। वहीं जॉनी बेयरस्टो ने 25 रन बनाए। इंग्लैंड को अंतिम ओवर में 23 रन की दरकार थी। लेकिन तेज गेंदबाज शार्दूल ठाकुर ने आखिरी ओवर में केवल 14 रन दिए और इंग्लैंड ने 8 रन से मैच हार गया।
शार्दूल ठाकुर टीम इंडिया के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 42 रन खर्च कर 3 विकेट अपने नाम किए। हार्दिक पांड्या और राहुल चाहर दो-दो विकेट लेने में कामयाब रहे। एक विकेट भुवनेश्वर कुमार ने झटका।
सूर्यकुमार यादव ने लगाया शानदार अर्धशतक
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए ललकारा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 185 रन बना दिए। टी-20 की पहली पारी खेल रहे सूर्यकुमार यादव ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए अर्धशतक जड़ दिया। उन्होंने 31गेंद में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। इसके अलावा श्रेयस अय्यर ने इंग्लिश गेंदबाजों के खिलाफ दमदार बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंद में 37 रन बना दिए।
जबकि ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में 30 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। लगातार 2 बार शून्य पर आउट होने वाले लोकेश राहुल 14, रोहित शर्मा 12 और विराट कोहली एक रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपने T20 इंटरनेशनल करियर का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट हासिल किए। वहीं आदिल रशीद, मार्क वुड, बेन स्टोक्स और सैम करन को एक-एक सफलता मिली।
