लखनऊ : लखनऊ । उत्तर प्रदेश सरकार ने कोविड -19 के बढ़ते प्रकोप के मद्देनजर बिहार तथा देश के कई अन्य राज्यों में फिर से लॉकडाउन ( बंदी ) किए जाने के मद्देनजर प्रदेश में भी ऐसा कदम उठाए जाने की अटकलों पर विराम लगाते हुए बुधवार को कहा कि सूबे के हर जिले में बाजार हफ्ते में पांच दिन हर हाल में खुलेंगे । प्रदेश के गृह एवं सूचना विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ' अनलॉक की प्रक्रिया की समीक्षा के दौरान यह पाया कि कुछ जिलों में सोमवार से शुक्रवार को बाजारों को अब भी बंद करने का आदेश दिया गया है । इस पर मुख्यमंत्री ने आदेश दिया कि सभी जिलाधिकारी , मुख्य सचिव और शासन की ओर से दिये गये आदेश का कड़ाई से पालन करें । उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार हर जिले में बाजार हफ्ते में पांच दिन हर हाल में खुले रहेंगे । किसी भी सूरत में पांच दिन बाजार सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक खुलने में कोई विपरीत परिस्थिति सामने नहीं आयेगी । अवस्थी ने बताया कि प्रदेश में हर शनिवार और रविवार को साफ - सफाई का विशेष अभियान चलाया जाएगा ।
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
